रूस-भारत सँयुक्त सैन्य अभ्यास ’इन्द्र नेवी 2016’ अगले हफ़्ते से
भारत और रूस के सैन्य-प्रतिनिधियों ने अपनी एक बैठक में अन्तरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ’इन्द्र नेवी 2016’ के आयोजन की तारीख़ें तय कर ली हैं। दो दौरों में किया जाने वाला यह सैन्य-अभ्यास 14 से 21 दिसम्बर तक भारत में किया जाएगा। इस सैन्याभ्यास का पहला दौर विशाखापत्तनम में होगा और दूसरा दौर बंगाल की खाड़ी में सम्पन्न होगा। मंगलवार को रूसी सेना के पूर्वी सैन्य क्षेत्र के प्रशान्त महासागरीय नौसैनिक बेड़े के प्रेस विभाग के प्रभारी कैप्टन व्लदीमिर मत्वियेफ़ ने ’तास’ समाचार समिति को यह जानकारी दी।
भारत-रूसी सँयुक्त सैन्याभ्यास — इन्द्र 2016
उन्होंने बताया — एक बैठक में रूसी अधिकारियों और भारतीय सैन्य अधिकारियों ने ’इन्द्र नेवी-2016’ सँयुक्त सैन्याभ्यास की तारीख़ें तय कर ली हैं। 14 से 21 दिसम्बर तक आयोजित यह सैन्याभ्यास दो दौरों में होगा। पहले दौर में तट पर कार्रवाइयों के अभ्यास किए जाएँगे और दूसरा दौर समुद्री अभ्यास का होगा। उन्होंने बताया कि तटवर्ती सैन्याभ्यास 14 से 18 दिसम्बर तक विशाखापत्तनम में किया जाएगा। इस अभ्यास के दौरान सहयोग सम्बन्धी बैठकें करने, सामरिक त्वरित बैठकें करने, एक-दूसरे के यहाँ अधिकारियों के औपचारिक आगमन तथा सांस्कृतिक और खेल कार्यक्रम आयोजन करने से जुड़ी कार्रवाइयाँ की जाएँगी।
सामुद्रिक सैन्याभ्यास का दौर 19 से 21 दिसम्बर तक बंगाल की खाड़ी में सम्पन्न होगा। इस दौर में सम्पर्क स्थापित करने, हवाई हमलों से जुड़ी कार्रवाइयाँ करने, टोह लेने, काम के दौरान रसद लेने आदि कार्रवाइयों का अभ्यास किया जाएगा। इन में से कुछ कार्रवाइयाँ युद्धपोतों पर तैनात हैलिकॉप्टर पूरी करेंगे। भारत इस सैन्याभ्यास का संचालन करेगा।
पहला रूसी-भारतीय सँयुक्त नौसैनिक सैन्याभ्यास मई 2003 में हुआ था। फिर 2005 से रूसी-भारतीय सँयुक्त सैन्याभ्यासों को ’इन्द्र’ नाम दे दिया गया। इसके बाद 2007, 2014 और 2015 में दो देशों की नौसेनाएँ सँयुक्त रूप से सैन्याभ्यास कर चुकी हैं।
पहली बार तास में प्रकाशित।
भारत रूस से आलोपन तकनीक से लैस चार युद्धपोत ख़रीदेगा